राजभाषा
रेशम कीट बीज प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान में राजभाषा कार्यान्वयन के लिए संघ के वार्षिक कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं। राजभाषा अधिनियम, राजभाषा संकल्प, राजभाषा नियम तथा आदेशों एवं अनुदेशों के आलोक में राष्ट्रीय एकता, अस्मिता एवं बहुभाषिकता व बहुसंस्कृति के बीच राजभाषा नीति प्रेरणा, प्रोत्साहन तथा सद्भावना के आधार पर नियमित कार्य योजना एवं अनुश्रवण के द्वारा लागू करने हेतु प्रतिबद्ध भाव से कार्य किए जाते हैं।
तिमाही बैठक
संस्थान में राजभाषा कार्यान्वयन समिति का गठन किया गया है। कार्यालय प्रमुख इसके अध्यक्ष होते हैं। उनकी अध्यक्षता में प्रत्येक तिमाही में बैठक आयोजित कर राजभाषा कार्यान्वयन के विभिन्न प्रावधानों के अनुपालन की समीक्षा की जाती है। बैठक में लिए गए निर्णयों पर अनुवर्ती कार्रवाई की जाती है।
राजभाषा निरीक्षण
संस्थान में हो रहे राजभाषा कार्यों का निरीक्षण सहायक निदेशक (राजभाषा) द्वारा किया जाता है।
तिमाही प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा
विभिन्न अनुभागों, प्रभागों एवं एककों से प्राप्त होने वाली हर तिमाही की प्रगति रिपोर्टों की समीक्षा मुख्यालय में की जाती है। तथा पाई गई कमियों को दूर करने के लिए उपयोगी सुझाव दिये जाते हैं।
हिन्दी में मूल काम करने के लिए पुरस्कार योजना
संस्थान एवं इसके एककों के अधिकारियों/कर्मचारियों को हिन्दी में अधिकाधिक कामकाज करने के लिए प्रेरित करने हेतु नकद प्रोत्साहन पुरस्कार योजना संचालित की जाती है।
हिन्दी दिवस, हिन्दी पखवाड़ा, तथा हिन्दी प्रतियोगिताएं
संस्थान एवं इसके एककों में प्रतिवर्ष नियमित रूप से हिन्दी दिवस, हिन्दी पखवाड़ा एवं हिन्दी प्रतियोगिताओं का नियमित रूप से आयोजन किया जाता है जिसमें अधिकारी/कर्मचारी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। संस्थान में विश्व हिन्दी दिवस एवं कवि सम्मेलनों का भी समय-समय पर आयोजन किया जाता है। संस्थान के अधिकारी/कर्मचारी नगर स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभागिता सुनिश्चित करते हैं। तथा उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत भी किए जाते हैं।








